Blog

Elvish Yadav: पुलिस ने एल्विश के खास दोस्त समेत दो लोगों को किया गिरफ्तार, अब कई बड़े नाम आ सकते हैं सामने

रेव पार्टी में सांपों के जहर की सप्लाई के मामले में पुलिस ने ईश्वर व विनय यादव नाम के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। विनय एल्विश का खास दोस्त है। दोनों ज्यादातर साथ ही रहते हैं। इस मामले में मंगलवार देर रात पूलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया था।

गिरफ्तार आरोपियों में एक यू-ट्यूबर का खास दोस्त, दूसरा बैंक्वेट हॉल संचालक

माई सिटी रिपोर्टर

नोएडा। रेव पार्टी में सांपों के जहर सप्लाई करने के मामले में जेल में बंद यू-ट्यूबर एल्विश यादव के दो सहयोगियों को कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार विनय यादव एल्विश का करीबी दोस्त और ईश्वर बैंक्वेट हाल व टेंट हाउस संचालक है। इन दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य उन धाराओं में कार्रवाई की गई है। बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सांपों के जहर सप्लाई करने के मामले में एल्विश की गिरफ्तारी के बाद उसके करीबियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रकरण के ऑडियो, वीडियो, सीडीआर की जांच में ईश्वर और विनय यादव का नाम सामने आया था। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया। रात को हुई लंबी पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी कर ली गई। पुलिस के मुताबिक विनय यादव एल्विश के साथ रहता था। वहीं ईश्वर संपेरे राहुल के संपर्क में रहता था। राहुल ही बुकिंग पर सांप और जहर के साथ संपेरों की टोली लेकर पहुंचता था। विनय और ईश्वर की आपस में दोस्ती थी।

 

डीसीपी विद्यासागर मिश्र के मुताबिक विनय ईश्वर के जरिये कई स्थानों पर पार्टी का आयोजित करता था। वहीं पर सांपों के जहर के इस्तेमाल की बात सामने आई है। टेंट हाउस का काम करने वाले ईश्वर को कई ठिकानों की जानकारी थी। वहीं एल्विश यादव विनय का इस्तेमाल इन सारी पार्टियों के लिए करता था।

 

दोनों से पुलिस ने किए 50 सवाल, काफिले के साथ पहुंचे थे आरोपी

 

एल्विश की तर्ज पर ही नोएडा पुलिस ने मंगलवार को ईश्वर व विनय को पूछताछ व औपचारिकता पूरी करने के लिए बुलाया था। दोनों कई गाड़ियों के काफिले के साथ कोतवाली सेक्टर-20 पहुंचे थे। दोनों से पुलिस ने 50 से अधिक सवाल पूछे। इनमें से ज्यादातर नशे की पार्टियों और सपेरों से कनेक्शन से जुड़े थे। पहले दोनों ने किसी तरह की जानकारी से इन्कार कर दिया। संपेरे राहुल से कनेक्शन के बारे में पूछे जाने पर ईश्वर परेशान हो गया। हालांकि राहुल को नहीं जानने की बात कही। कॉल डिटेल रिकॉर्ड दिखाने पर दोनों फंस गए। देर रात तक सवाल पर सवाल किए जाने के बाद जब दोनों आरोपी फंस गए। तब दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

 

अब फाजिलपुरिया पुलिस के रडार पर

 

इस पूरे मामले में हरियाणवी गायक फाजिलपुरिया पर पुलिस का शिकंजा कस सकता है। इस मामले में दावा किया गया था कि फाजिलपुर गांव में कई रेव पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें सांपों के साथ एल्विश यादव ने कई वीडियो शूट कराए थे। फाजिलपुर गांव के इन वीडियो को भी पुलिस ने एल्विश की गिरफ्तारी का आधार बनाया था।

इस मामले में अब तक आठ गिरफ्तारी

 

इस मामले में 3 नवंबर 2023 को पीएफए की तरफ से कोतवाली सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बीते चार नवंबर को पुलिस ने इस मामले में राहुल यादव समेत पांच सपेंरो को गिरफ्तार किया था। इन सभी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। इसके बाद छठी गिरफ्तारी एल्विश यादव की हुई। वहीं अब ईश्वर व विनय को भी गिरफ्तार किया गया है।

Related Articles

Back to top button