Blog

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्री महंत डॉ रवींद्र पुरी ने किया प्रधानमंत्री की मोदी की अपील का समर्थन

अखाड़ा परिषद ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील का किया समर्थन

देशवासियों से अपील: अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें, ईंधन की बचत करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें:अखाड़ा परिषद

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की बचत और अनावश्यक खर्चों में कमी लाने की अपील का समर्थन करते हुए लोगों से वाहनों का कम से कम उपयोग करने की अपील की है। परिषद ने कहा है कि जहां संभव हो, लोग सार्वजनिक परिवहन और ट्रेन यात्रा को प्राथमिकता दें ताकि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि देशहित में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से वाहनों का प्रयोग बंद किया जाना चाहिए और केवल अधिक आवश्यकता पड़ने पर ही निजी वाहनों का इस्तेमाल किया जाए। इससे पेट्रोल और डीजल की खपत कम होगी तथा देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि संत समाज हमेशा से समाज को सही दिशा देने का कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि अखाड़ा परिषद से जुड़े संत अब धार्मिक यात्राओं और आयोजनों में अधिक से अधिक ट्रेन या निजी वाहनों का उपयोग करें। इससे आम लोगों के बीच भी सकारात्मक संदेश जाएगा और लोग संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक होंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और ईंधन की लगातार बढ़ती खपत चिंता का विषय है। यदि लोग छोटी दूरी के लिए भी निजी वाहनों का कम उपयोग करें और सार्वजनिक परिवहन अपनाएं तो इससे पर्यावरण को काफी लाभ मिलेगा। संत समाज इस अभियान को जनजागरण के रूप में आगे बढ़ाएगा।

श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने की अपील का भी समर्थन करते हुए कहा कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए अनावश्यक खर्चों से बचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सादगी और संयम का संदेश देती है तथा संत समाज हमेशा से सादगीपूर्ण जीवन का पक्षधर रहा है।

उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि सभी लोग राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संसाधनों की बचत करें। अखाड़ा परिषद देशवासियों से भी अपील करती है कि वे अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें, ईंधन की बचत करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।

Related Articles

Back to top button