Blog

एनयूजे के राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह अवसर पर किया सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

कुणाल धवन के भजनों पर झूमे देश भर के पत्रकार

नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के अंतिम दिन भजन संध्या आयोजित की गई। प्रेम नगर आश्रम घाट पर गंगा के किनारे आयोजित भजन संध्या में 24 राज्यों से आए पत्रकारों ने शिरकत की। भजन संध्या में स्वर्ग गंगा म्यूजिकल ग्रुप के मशहूर युवा भजन गायक कुणाल धवन के भजनों पर पत्रकार और गंगा भक्त थिरक उठे। इस अवसर पर तीर्थ पुरोहित पंडित नितिन शुक्ला और उनके साथी पंडितों ने वैदिक विधि-विधान के साथ गंगा पूजन और गंगा का अभिषेक किया।

एनयूजे (आई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी और उनकी पत्नी सुलेखा तथा राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप कुमार तिवारी व कार्यक्रम के मुख्य संयोजक आदेश त्यागी ने गंगा पूजन किया। एनयूजे(आई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी और उनकी पत्नी सुलेखा की फरमाइश पर म्यूजिकल बैंड के अध्यक्ष कुणाल धवन ने ब्रज की होली के गीत गाए और पत्रकार झूम उठे। दिल्ली, यूपी, चंडीगढ़ और हिमाचल से आए पत्रकारों ने राम भजन और ब्रज गीत पर खूब आनंद लिया। एनयूजे के राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी ने फूलों की वर्षा कर सबको आशीर्वाद दिया।

सुलेखा रासबिहारी ने बताया कि वह खुद भी राधा वल्लभ मंदिर के पुरोहितों में से हैं और ब्रज में होली की परंपरा हमेशा से होती आई है। जिसका आगाज़ उन्होंने हरिद्वार में गंगा तट से किया। खुशबू गोस्वामी और कुणाल धवन की जुगलबंदी को सबने सराहा। रश्मिका सैनी ने गिटार पर, नंदन पांडे ने तबला और अमित रस्तोगी ने की-बोर्ड पर संगत दी। एनयूजे के प्रांतीय अध्यक्ष सुनील दत्त पांडेय ने अंग वस्त्र ओढ़ा कर सभी कलाकारों को सम्मानित किया। अंत में गंगा आरती के साथ सभी ने दीपदान किया।

Related Articles

Back to top button