भगवान शंकर आश्रम मसूरी बना बेसहारों का सहारा 22 लोगों को किया राशन वितरित

।।कामिका एकादशी श्रावण मास में
22 जरूरतमंदों को राशन वितरित ।।
(भगवान शंकर आश्रम: बेसहारों के लिए
माँ अन्नपूर्णा भंडारा !)
मसूरी(देहरादून), 9 अगस्त। उत्तराखंड। देवभूमि उत्तराखण्ड में अवस्थित आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन के तत्त्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम द्वारा विश्व आदिवासी दिवस, कामिका एकादशी के दिन माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना के अन्तर्गत के अतिनिर्धन और वंचित 22 परिवारों को अगस्त माह का निःशुल्क मासिक घरेलू राशन वितरित किया गया। सन् 2020 से यह योजना परमप्रज्ञ जगद्गुरु प्रोफ़ेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज के सानिध्य में संचालित है।
गुरुदेव आर्यम का मानना है कि अन्नदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं। वे कहते हैं जब क्षुधा शांत हो तभी भक्ति और साधना का मार्ग सुगम होता है। इसी भाव से भगवान शंकर आश्रम ने माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना की नींव रखी थी, ताकि आध्यात्मिक साधना केवल मंत्र और अनुष्ठान तक सीमित ना रहकर समाज के सबसे उपेक्षित वर्ग तक पहुँचे। इस योजना के पीछे गुरुदेव का यह भी संदेश है कि सच्ची गुरु-परंपरा वही है जो अनुयायियों को केवल शास्त्र न पढ़ाए, बल्कि करुणा में ढालकर समाज की सेवा के लिए तैयार करे। आश्रम इसे किसी दान-पुण्य के लेखे-जोखे से नहीं, बल्कि हर निर्धन में ईश्वर के प्रत्यक्ष स्वरूप की सेवा मानकर संचालित करता है, और यही दृष्टि इसे वर्षों से निरंतरता देती आई है।
गुरुदेव आर्यम अक्सर कहते हैं कि सेवा तभी सार्थक है जब वह नियमित हो, न कि केवल त्योहारों या विशेष अवसरों तक सीमित। यही कारण है कि माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना प्रति माह बिना किसी व्यवधान के संचालित होती है, चाहे मौसम कैसा भी हो या पहाड़ी रास्ते कितने भी दुर्गम क्यों न हों। यह निरंतरता ही उन परिवारों के लिए सबसे बड़ा संबल है।
भंडारा कार्ड धारक व्यक्तियों को दी जाने वाली सामग्री में सभी वस्तुओं की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाता है। इन वस्तुओं में 15 किलो गेहूँ का आटा, 10 किलो चावल, दो किलो काला चना, दो लीटर सरसों का तेल, आदि प्रदान किया जाता है। अति निर्बल, बीमार और आने में असमर्थ परिवारों को राशन उनके घरों पर भी पहुँचाया जाता है। बच्चों द्वारा त्याग दिए गए वृद्ध व्यक्तियों, निराश्रित विधवाओं, बेसहारों के अपंग, बीमार और अत्यंत निर्धन व्यक्तियों के लिए यह भंडारा कार्ड योजना आश्रम की तरफ़ से संचालित है जिसे शीघ्र ही अन्य अनेक स्थानों तक विस्तारित किया जाएगा।
आज के इस वितरण कार्यक्रम में हरीश त्यागी, संध्या राकेश रघुवंशी, सोमलता दलाल, अजय त्यागी, राजेन्द्र कुमार, अंशित वर्मा, प्रीतेश आर्यम, अरविंद शर्मा,बबीता गोरान, रीना चौहान , जया शर्मा,इंदिराबेन मिश्रा आदि का सहयोग रहा।
*
माँ यामिनी श्री
(अधिशासी प्रवक्ता)
आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन
मसूरी , देहरादून,भारत।
https://youtube.com/@aaryam
9891646565/67


