मौलाना अब्दुल सलीम बयान पर भड़के अखाड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ श्री महंत रविन्द्र पुरी

मौलाना अब्दुल सलीम के बयान पर भड़के अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविंद्रपुरी महाराज
हरिद्वार। बिहार के मौलाना अब्दुल सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विरोध तेज हो गया है। इस मामले में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बयान की निंदा की है। मीडिया को जारी बयान में श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल एक राजनेता ही नहीं बल्कि एक संत परंपरा से जुड़े व्यक्ति भी हैं। ऐसे में किसी की मां को लेकर इस प्रकार की टिप्पणी करना न केवल अमर्यादित है बल्कि समाज में अनावश्यक तनाव पैदा करने वाला भी है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी भाषा और आचरण में संयम बरतना चाहिए। किसी भी व्यक्ति की माता के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना भारतीय संस्कृति और सभ्यता के विरुद्ध है। इस प्रकार की बयानबाजी से समाज में वैमनस्य फैलता है और आपसी सौहार्द प्रभावित होता है।
रविंद्रपुरी महाराज ने प्रशासन से मांग की कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की आपत्तिजनक और मर्यादा के विपरीत टिप्पणी करने से बचे। उन्होंने कहा कि संत समाज हमेशा समाज में शांति, सद्भाव और मर्यादित संवाद का पक्षधर रहा है, यदि मौलाना के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती तो संत समाज खुद मौलाना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा और मौलाना को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।



