आस्थासाहित्य जगतहरिद्वार

विधि विधान से गंगा में प्रवाहित की गयी दिवंगत अभिनेता मनोज कुमार की अस्थियां

फिल्म अभिनेता दिवंगत मनोज कुमार की अस्थियां शनिवार को हरकी पैड़ी पर गंगा में विसर्जित की गयी। स्वर्गीय मनोज कुमार के दोनों पुत्र कुणाल और विशाल परिवार के कई सदस्यों के साथ अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे थे। हरकी पैड़ी पर तीर्थ पुरोहित विवेक शर्मा ने पूर्ण विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अस्थि कलश को गंगा में विसर्जित कराया। तीर्थ पुरोहित विवेक शर्मा ने बताया कि स्वर्गीय मनोज कुमार के दोनों पुत्र और अन्य परिजन अस्थि कलश लेकर हरकी पैड़ी आए थे।

कुणाल और विशाल ने विधि विधान के साथ अस्थियों को गंगा में प्रवाहित किया। मशहूर अभिनेता मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया था। भारत कुमार के नाम से मशहूर मनोज कुमार लंबे समय से बीमार थे। ’उपकार’, ’पूरब और पश्चिम’, ’रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी कई यादगार फिल्मों में अभिनय करने वाले मनोज कुमार के निधन से सिनेमा जगत में शोक है।

Related Articles

Back to top button