Blog

राष्ट्रीय महिला दिवस पर शंकर आश्रम द्वारा परिवारों को बांटा गया राशन

महिला दिवस पर शंकर आश्रम द्वारा 22 परिवारों को निःशुल्क राशन वितरण
मसूरी(देहरादून),  8 मार्च ।
उत्तराखंड। देवभूमि उत्तराखण्ड में अवस्थित आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन के तत्त्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम द्वारा घोषित माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना के अन्तर्गत क्षेत्र के अतिनिर्धन और वंचित 22 परिवारों को स्वाति नक्षत्र की पंचमी को मार्च माह का निःशुल्क मासिक घरेलू राशन वितरित किया गया। परमप्रज्ञ जगद्गुरु प्रोफ़ेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज के सानिध्य में संचालित कोरोना काल में शुरू हुई यह योजना आज मसूरी में जरूरतमंदों की आशा की किरण है। 

इस योजना के माध्यम से आश्रम केवल अन्नदान ही नहीं करता, अपितु प्रत्येक परिवार के आत्मसम्मान और गरिमा का भी संरक्षण करता है। प्रोफ़ेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज का कथन है कि अन्नदान समस्त दानों में सर्वश्रेष्ठ है क्योंकि यह केवल शरीर का ही नहीं अपितु मनुष्य के आत्मविश्वास और जीवन-शक्ति का भी पोषण करता है। गुरुदेव आर्यम जी के इसी दृष्टिकोण से प्रेरित होकर आश्रम ने इस कार्य को एक सांस्कृतिक कर्तव्य के रूप में अपनाया है जिसमें प्रत्येक लाभार्थी को सम्मानपूर्वक सामग्री प्रदान की जाती है, न कि दया या कृपा के भाव से।

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इस वर्ष का यह राशन वितरण अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्पन्न हुआ है, जो इसे और भी अधिक सार्थक बनाता है। भंडारा कार्ड योजना की लाभार्थियों में अधिकांश निराश्रित वृद्ध माताएँ, एकल महिलाएँ और विधवाएँ हैं जो समाज की सबसे उपेक्षित कड़ी हैं। गुरुदेव आर्यम जी का मानना है कि नारी का सम्मान केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, अपितु उसकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति ही सच्चे अर्थों में नारी शक्ति का सम्मान है। जब एक माता को अपने परिवार के लिए अन्न की चिन्ता नहीं रहती, तभी वह सम्मानपूर्ण और स्वस्थ जीवन जी सकती है। शंकर आश्रम की यह योजना इसी भावना का प्रतिबिम्ब है — नारी सेवा ही सच्ची नारी वन्दना है।

भंडारा कार्ड धारक व्यक्तियों को दी जाने वाली सामग्री में सभी वस्तुओं की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाता है। इन वस्तुओं में 15 किलो गेहूँ का आटा, 10 किलो चावल, दो किलो काला चना, दो लीटर सरसों का तेल, आदि प्रदान किया जाता है। अति निर्बल, बीमार और आने में असमर्थ परिवारों को राशन उनके घरों पर भी पहुँचाया जाता है। बच्चों द्वारा त्याग दिए गए वृद्ध व्यक्तियों, निराश्रित विधवाओं, बेसहारों के अपंग, बीमार और अत्यंत निर्धन व्यक्तियों के लिए यह भंडारा कार्ड योजना आश्रम की तरफ़ से संचालित है जिसे शीघ्र ही अन्य अनेक स्थानों तक विस्तारित किया जाएगा।

आज के इस वितरण कार्यक्रम में हरीश त्यागी, सोमलता दलाल, अजय त्यागी, प्रीतेश आर्यम, संतोष, सतीश, अरविंद शर्मा , जया शर्मा , बबीता , रीना चौहान , कविता मलिक , रेणु सचदेवा ,इंदिराबेन मिश्रा आदि का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button